पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रवासी बिहारियों से फोन पर मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करके समस्याओं का समाधान करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव दीपक कुमार को कहा कि प्रवासियों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने 1, अणे मार्ग में उच्चस्तरीय बैठक की।
मुख्यमंत्री ने बिहार के बाहर फंसे हुए लोगों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री आवास, स्थानिक आयुक्त और आपदा प्रबंधन विभाग की हेल्पलाइन नम्बर पर फंसे हुए लोगों से प्राप्त सूचनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी सूचनादाताओं से फीडबैक लेकर इसी आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बाहर फंसे लोगों की परेशानियों को अविलंब दूर किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग बाहर से बिहार आ गए हैं उनकी स्क्रीनिंग, भोजन, आवासन की व्यवस्था के साथ-साथ उन्हें चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए। कोरोना के संक्रमित मरीजों के सम्पर्क में आने वाले संदिग्ध लोगों की गहन ट्रैकिंग कराई जाए।